गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बार फिर अपराध पर नकेल कसते हुए सराहनीय कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने राहगीरों से मोबाइल फोन छीनकर उनके बैंक खातों से धनराशि पार करने वाले शातिर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में नोएडा जोन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई एसीपी थर्ड और एसएचओ सेक्टर-49 की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक iPhone-16, एक स्मार्ट वॉच, पावर बैंक और नकद ₹2,300 के अलावा घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है।
पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपी मूल रूप से जनपद फिरोजाबाद के निवासी हैं और आजीविका के लिए नोएडा में वाहन चलाने तथा मजदूरी का काम करते थे। साथ ही, मौका मिलते ही ये सभी इकट्ठा होकर अकेले जा रहे राहगीरों को निशाना बनाते और उनके मोबाइल फोन छीनकर लूटपाट करते थे। पुलिस के अनुसार, बीते 25 तारीख को थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में एक वादी के साथ इसी गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें उसका मोबाइल छीनने के साथ ही मोबाइल के जरिए उसके बैंक खाते से भी रकम ट्रांसफर करा ली गई थी।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त महोदया के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय स्ट्रीट क्राइम गिरोहों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

