जापान में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले साइबर ठग दबोचे

New Delhi news  पूर्वी जिला साइबर थाना पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जापान की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये ऐंठते थे।
पुलिस के अनुसार, एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे जापान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.63 लाख रुपये ठग लिए गए। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी खुद को भर्ती सलाहकार और विदेशी कंपनियों के अधिकारी बताकर नौकरी चाहने वालों से दस्तावेज सत्यापन, वीजा प्रोसेसिंग, एंबेसी क्लीयरेंस और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर पैसे वसूलते थे। बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच के दौरान ठगी की रकम का लिंक बरेली निवासी 22 वर्षीय कुश भटनागर और 23 वर्षीय अमित से जुड़ा मिला।
पुलिस टीम ने बरेली में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, फर्जी भर्ती से जुड़े ईमेल अकाउंट, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह आॅनलाइन जॉब पोर्टलों से बेरोजगार युवाओं का डाटा जुटाता था। इसके बाद प्रतिष्ठित विदेशी कंपनियों के नाम से फर्जी ईमेल भेजकर नौकरी का झांसा दिया जाता था। फर्जी इंटरव्यू और दस्तावेजी प्रक्रिया के बाद विभिन्न शुल्कों के नाम पर रकम वसूली जाती थी।
पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और ठगी की रकम के पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी नौकरी के लिए आवेदन करते समय भर्ती एजेंसी और कंपनी की पूरी तरह जांच-पड़ताल करें तथा नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी खाते में पैसे जमा न करें।

New Delhi news

यहां से शेयर करें