New Delhi news शाहदरा थाना पुलिस ने झपटमारी और चोरी की वारदातों में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से छह चोरी के मोबाइल फोन, दो चोरी की मोटरसाइकिलें, दो अवैध बटनदार चाकू और दो पेपर कटर बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से झपटमारी और चोरी के कुल आठ मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में लगातार सामने आ रही झपटमारी की घटनाओं को देखते हुए विशेष अभियान चलाया गया था। गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अर्जुन और सादाब आलम निवासी कच्ची करदमपुरी, दिल्ली के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से छह चोरी के मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल, दो अवैध बटनदार चाकू और दो पेपर कटर बरामद किए। बाद में जांच के दौरान एक और चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में झपटमारी की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। उन्होंने खुलासा किया कि वारदात के दौरान वे अपने पास पेपर कटर रखते थे ताकि विरोध करने पर पीड़ितों पर हमला किया जा सके। पुलिस के अनुसार इसी वजह से संबंधित मामलों में गंभीर धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अर्जुन पहले से पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जबकि सादाब आलम के खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। सादाब के खिलाफ हिस्ट्रीशीट भी तैयार की जा चुकी है और उसे बैड कैरेक्टर घोषित करने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस अब चोरी के सामान खरीदने वाले लोगों और आरोपियों के अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है। जांच जारी है।
New Delhi news

