Ghaziabad news पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ की अध्यक्षता में आगामी कांवड़ यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने तथा जिले की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पुलिस कार्यालय में मासिक यातायात समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया।
पुलिस आयुक्त ने गोष्ठी में विगत माह की प्रवर्तन कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाने तथा आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात राजकरण नैय्यर को 15 जून तक स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस एवं जीडीए, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, एनएचएआई, जलकल, बिजली एवं वन विभाग सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय बैठक कर कांवड़ यात्रा से पूर्व सभी लंबित कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही मैरिज होम, बैंक्वेट हॉल, होटल एवं जिम में कार्यरत कर्मचारियों का स्थानीय पुलिस के माध्यम से सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन को चयनित 500 टीवीएफ कर्मियों की कार्यशाला आयोजित कर उन्हें यातायात प्रबंधन एवं कांवड़ यात्रा के दौरान उनकी जिम्मेदारियों के बारे में प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लाल कुआं स्थित यातायात निरीक्षक कार्यालयों के निर्माण कार्य में हो रही देरी को दूर कर कांवड़ यात्रा से पहले कार्य पूरा कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में एएलटी फ्लाईओवर के नीचे यातायात कार्यालय हेतु आगामी सप्ताह तक पोर्टा कैबिन स्थापित कराने, ट्रैफिक एक्स (एक्स ) हैंडल के फॉलोअर्स की संख्या एक लाख तक बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
बिना सीट बेल्ट व बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर करें कार्रवाई
पुलिस आयुक्त ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध आईटीएमएस एवं ई-चालान प्रणाली के माध्यम से व्यापक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएमई पर प्रतिबंधित दोपहिया वाहनों को चालान के साथ सीज करने तथा हाईवे दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल निकटतम अस्पताल पहुंचाने पर भी विशेष बल दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने सभी यातायात निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में अनुशासन बनाए रखने, ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर निगरानी रखने तथा आमजन के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन में सुधार और जनसुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में यह रहे मौजूद
इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात राजकरन नैय्यर, पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, समस्त सहायक पुलिस आयुक्त यातायात एवं यातायात निरीक्षक मौजूद रहे।
Ghaziabad news

