New Delhi news उत्तर-पूर्वी जिला के गोकलपुरी थाना पुलिस ने लूट के एक सनसनीखेज मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार और एक बाल अपचारी (सीसीएल) को पकड़ लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 6 जून को गोकलपुरी थाने में लूट की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में पीड़ित भय और मानसिक आघात के कारण घटना स्थल की स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। बाद में 8 जून को उसने थाने पहुंचकर बताया कि वह एक निजी बस में चालक के रूप में कार्य करता है और रामपुर-दिल्ली रूट पर चलता है।
पीड़ित ने बताया कि 6 जून को वह लाल किला से रोहिणी जाने के लिए निकला था, लेकिन गलती से गोकलपुरी पहुंच गया। गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन पर उसने रास्ता पूछने के लिए एक युवक से संपर्क किया, जिसने मदद का भरोसा दिलाया। दोनों ई-रिक्शा से लोनी गोल चक्कर पहुंचे, जहां एक अन्य युवक बुलेट मोटरसाइकिल के साथ मौजूद था।
है आरोप है कि वहां से उसे चाकू की नोक पर मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक सुनसान कमरे में ले जाया गया, जहां दो अन्य युवक पहले से मौजूद थे। आरोपियों ने उससे 8 हजार रुपये नकद लूट लिए और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसके मोबाइल फोन से 12,500 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
मामले में एफआईआर संख्या 148/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसीपी गोकलपुरी दीपक चंद्र के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उमेद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए मंडोली और लोनी क्षेत्रों में दबिश दी।
पुलिस ने दिनेश कुमार (21) निवासी साबोली, दिल्ली और अनुराग उर्फ मच्छर (20) निवासी लोनी, गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 15 वर्षीय एक बाल अपचारी को भी पकड़ लिया गया।
उत्तर-पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा आगे की जांच की जा रही है।
New Delhi news

