वेलकम थाना पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई लूट की वारदात

New Delhi news  उत्तर-पूर्वी जिला के वेलकम थाना पुलिस ने लूट की एक वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, ट्रॉली बैग, बैकपैक, दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 6 जून को इदगाह मस्जिद, 66 फूटा रोड, वेलकम के पास लूट की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को शामली निवासी 19 वर्षीय कृष्ण कुमार घायल अवस्था में मिला। उसने बताया कि वह मंगलुरु से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचा था और वहां से रैपिडो बाइक लेकर भजनपुरा जा रहा था। सुबह करीब 4:30 बजे इदगाह मस्जिद के पास उतरने पर दो युवकों ने उससे शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे और जबरन 200 रुपये छीन लिए। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया।
पीड़ित द्वारा विरोध करने पर दो अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और चारों ने उसके साथ मारपीट कर 18 हजार रुपये नकद, रियलमी मोबाइल फोन, सैमसंग टैबलेट, ट्रॉली बैग और बैकपैक लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी से फरार हो गए।
मामले में एफआईआर संख्या 285/26 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एसीपी भजनपुरा सहदेव राणा के पर्यवेक्षण में तथा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रूपेश कुमार खत्री के नेतृत्व में एसआई रामबीर, एएसआई रामबीर, हेड कांस्टेबल अरुण, अजय और कांस्टेबल मनवीर व आकाश की टीम ने तकनीकी एवं स्थानीय सूचनाओं के आधार पर शाहिद उर्फ नसीम और अरमान उर्फ टिक्का को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर अमन और फर्दीन उर्फ चिकना को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान शाहिद उर्फ नसीम , अमन, अरमान उर्फ टिक्का तथा फर्दीन उर्फ चिकना के रूप में हुई हैै।
पुलिस के अनुसार शाहिद के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अरमान के खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट के चार मामले दर्ज हैं तथा वह वेलकम थाने का घोषित बदमाश (बीसी) है। वहीं फर्दीन पर हत्या के प्रयास समेत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उत्तर-पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें