New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फर्श बाजार के चर्चित दोहरे हत्याकांड में वांछित हाशिम बाबा गैंग के शार्प शूटर आमिर उर्फ सलीम उर्फ तिल्लन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शास्त्री पार्क मेट्रो डिपो के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस दल पर गोली चला दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि फर्श बाजार डबल मर्डर मामले का फरार आरोपी इलाके में आने वाला है। सूचना के सत्यापन के बाद एआरएससी की टीम ने जाल बिछाया। आरोपी के कब्जे से 0.32 बोर की इटली निर्मित सेमी-आॅटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद किए गए हैं। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 31 अक्टूबर 2024 को दीपावली की रात शाहदरा के फर्श बाजार क्षेत्र में आकाश शर्मा उर्फ छोटू और उसके भतीजे ऋषभ शर्मा की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि आकाश का बेटा कृष शर्मा घायल हो गया था। जांच में यह वारदात गैंगवार, आपसी रंजिश और आर्थिक विवाद से जुड़ी पाई गई। मामले में आमिर उर्फ तिल्लन को प्रमुख आरोपियों में शामिल किया गया था और वह तभी से फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस हत्याकांड के बाद पूर्वी दिल्ली में प्रतिशोध की घटनाओं का सिलसिला शुरू हो गया था। इसी कड़ी में दिसंबर 2024 में कारोबारी सुनील जैन की हत्या हुई थी, जिसे पुलिस ने गैंग संघर्ष का परिणाम बताया था। बाद में इस मामले के एक अन्य प्रमुख आरोपी सोनू मटका को मेरठ में दिल्ली पुलिस और यूपी एसटीएफ के संयुक्त अभियान में मार गिराया गया था।
क्या कहते हैं क्राइम ब्रांच के विशेष पुलिस आयुक्त
क्राइम ब्रांच के विशेष पुलिस आयुक्त एच.जी.एस. धालीवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
New Delhi news

