New Delhi news उत्तर जिला साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर युवतियों की एआई तकनीक से छेड़छाड़ की गई तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेल और वसूली करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय सौरव निवासी भलस्वा डेयरी, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मालका गंज निवासी 19 वर्षीय युवती ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी मॉर्फ्ड तस्वीर भेजकर उसे ब्लैकमेल किया और फोटो हटाने के नाम पर 30 हजार रुपये की मांग की। भय के चलते पीड़िता के परिवार ने रकम का भुगतान कर दिया। बाद में आरोपी ने दोबारा संपर्क कर 10 हजार रुपये और वसूल लिए तथा अन्य युवतियों के संपर्क नंबर देने का दबाव बनाया।
मामले की जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 4 जून को भलस्वा डेयरी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है और अवैध कमाई के लिए सोशल मीडिया पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवतियों को निशाना बनाता था।
आरोपी वीडियो वेरिफिकेशन कॉल के दौरान ली गई तस्वीरों को एआई टूल्स की मदद से अश्लील रूप में बदलकर ब्लैकमेल करता था। जांच में यह भी सामने आया कि वह वर्ष 2022 और 2023 में भी यौन शोषण और साइबर वसूली के दो मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अपराध में इस्तेमाल किया गया वाई-फाई राउटर बरामद किया है। मामले की आगे जांच जारी है।
New Delhi news

