विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नोएडा लोकमंच के “पहला कदम” अभियान एवं वर्ल्ड मलयाली काउंसिल, उत्तर प्रदेश प्रांत के सहयोग से आज नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी, सेक्टर-15 में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा समाज में पौधारोपण और पौधों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था। आयोजन के मुख्य वक्ता नोएडा प्राधिकरण के निदेशक (उद्यान) श्री आनंद मोहन सिंह थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वृक्ष और हरित क्षेत्र पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ मानव जीवन को स्वस्थ और समृद्ध बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री सिंह ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा मौजूदा हरित संसाधनों की रक्षा और संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट वक्ता डॉ. श्रीराज सोमराजन, वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सक, महर्षि आयुर्वेद अस्पताल एवं सीएमओ, महर्षि वेलनेस क्लिनिक, नोएडा ने आयुर्वेद और पर्यावरण के घनिष्ठ संबंध पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा ही स्वास्थ्य के दीर्घकालिक आधार का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक संरक्षण नीतियों का समन्वय सामुदायिक स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य है। वर्ल्ड मलयाली काउंसिल, उत्तर प्रदेश प्रांत की सक्रिय सहभागिता इस कार्यक्रम की एक विशेषता रही। संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सामुदायिक स्तर पर हरित पहल को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश व्यापक जन-समुदाय तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। राजस्थान कल्याण परिषद के श्री अरविंद सोनी भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आकर्षक हिस्सा प्लांट एक्सचेंज गतिविधि रही, जिसमें उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे के साथ लगभग 100 से 200 पौधों का आदान-प्रदान किया। इस अनूठी पहल ने स्थानीय समुदाय को विभिन्न प्रकार के पौधों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित किया तथा शहरी हरियाली को बढ़ाने की एक व्यवहारिक दिशा दी।
समारोह में कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे, जिनमें सी.ए. अनुप जयरथ, ओ.पी. पारीक, राम शरण गौर, राजेश श्रीवास्तव, नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना, रेनू छिब्बर, लीका सक्सेना, विभा बंसल, राजेश्वरी त्यागराजन और सुनीता खटाना प्रमुख थे। मंच पर महेश सक्सेना ने स्वागत संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस मनाने का विषय नहीं, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल और संरक्षण का भी दृढ़ संकल्प लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी ने प्लास्टिक प्रदूषण घटाने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया। अतिथियों और नागरिकों ने केक काटकर विश्व पर्यावरण दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
नोएडा लोकमंच एवं वर्ल्ड मलयाली काउंसिल, उत्तर प्रदेश प्रांत द्वारा आयोजित यह पहल शहर में पर्यावरणीय चेतना को मजबूत करने तथा हरित, स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

