New Delhi news रोहिणी जिला पुलिस की एंटी आॅटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का पदार्फाश करते हुए दो शातिर आॅटो लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की आठ लग्जरी कारें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली से महंगी कारें चोरी कर उन्हें अमृतसर, चंडीगढ़ और जयपुर तक पहुंचाते थे।
रोहिणी जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया था। इसी दौरान 21 मई 2026 को एएटीएस को सूचना मिली कि लग्जरी वाहनों की चोरी में सक्रिय एक बदमाश रोहिणी क्षेत्र में आने वाला है।
सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जाल बिछाकर एक संदिग्ध को चोरी की कार सहित दबोच लिया। उसकी पहचान पंजाब निवासी मनिंदर सिंह (32) के रूप में हुई। जांच में उसके कब्जे से बरामद वाहन चोरी का निकला। पूछताछ में उसने अपने साथी हरजोत सिंह (33) निवासी अमृतसर का नाम भी उजागर किया।
इसके बाद 24 मई को पुलिस ने अमृतसर में छापेमारी कर हरजोत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक चोरी की होंडा अमेज कार बरामद हुई। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अमृतसर, जयपुर और दिल्ली में कई स्थानों पर छापेमारी कर छह अन्य चोरी की लग्जरी कारें भी बरामद कर लीं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी से वाहन चोरी के आठ मामलों का खुलासा हुआ है। बरामद वाहनों में हुंडई क्रेटा, मारुति सुजुकी बलेनो, टोयोटा फॉर्च्यूनर, होंडा अमेज, दो किआ सेल्टोस, मारुति सुजुकी ब्रेजा और हुंडई अल्काजार जैसी महंगी कारें शामिल हैं।
12वीं पास मनिंदर सिंह खिलाफ दर्ज है वाहन चोरी के नौ मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि मनिंदर सिंह 12वीं पास है और उसके खिलाफ पहले से वाहन चोरी के नौ मामले दर्ज हैं, जिनमें चार मामले दिल्ली के हैं। वहीं हरजोत सिंह स्नातक है और पंजाब में उसके खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के और वाहनों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस इस नेटवर्क की पूरी कड़ी को खंगाल रही है।
New Delhi news

