New Delhi news दिल्ली पुलिस के पूर्वी रेंज के सहयोग से चलाए जा रहे ह्यआॅपरेशन विश्वास के तहत शनिवार को महाराजा अग्रसेन कॉलेज, न्यू अशोक नगर में मोबाइल फोन हैंडओवर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्वी रेंज के पूर्वी, शाहदरा और उत्तर-पूर्वी जिलों में बरामद किए गए कुल 532 खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) जोन-1 देवेश चंद्र श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि संयुक्त पुलिस आयुक्त पूर्वी रेंज डॉ. अजीत कुमार सिंगला रहे। कार्यक्रम में पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार, उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहूल अलवाल, शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरूआत साइबर अपराध और नशा मुक्ति जागरूकता सत्रों से हुई, जिसमें लोगों को डिजिटल गिरफ्तारी, ओटीपी धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजनाओं, आॅनलाइन ठगी और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी की शिकायत के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की सलाह भी दी गई।
अपने संबोधन में पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने कहा कि ह्यआॅपरेशन विश्वासह्ण नागरिकों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने मोबाइल बरामद करने वाली पुलिस टीमों के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस की जनकल्याणकारी और पारदर्शी कार्यशैली का उदाहरण है अभियान
मुख्य अतिथि देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि यह अभियान दिल्ली पुलिस की जनकल्याणकारी और पारदर्शी कार्यशैली का उदाहरण है।
उन्होंने साइबर जागरूकता, नशा मुक्ति और नागरिक सहभागिता को सुरक्षित समाज के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के दौरान मोबाइल बरामद करने वाली पुलिस टीमों और अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। वहीं, मोबाइल वापस पाने वाले कई नागरिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए दिल्ली पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
पूर्वी जिला पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी नागरिक हित, सामुदायिक पुलिसिंग और तकनीक आधारित सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

New Delhi news

