ट्रैफिक पुलिस के समर कैंप के दूसरे चरण का समापन, तीसरे चरण में 800 और विद्यार्थियों के शामिल होने की उम्मीद

New Delhi news  दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सड़क सुरक्षा जागरूकता पहल के तहत आयोजित रोड सेफ्टी अवेयरनेस समर कैंप-2026 के दूसरे चरण का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह कैंप बाबा खड़क सिंह मार्ग, नेशनल बाल भवन, पंजाबी बाग और रोशनारा बाग स्थित चार ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्कों में आयोजित किया गया।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस कैंप के दूसरे चरण में करीब 750 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पहले और दूसरे चरण को मिलाकर अब तक लगभग 1,390 छात्र-छात्राएं इस अभियान का हिस्सा बन चुके हैं।
कैंप में दिल्ली के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों और जिम्मेदार यातायात व्यवहार से जुड़ी कई शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया। इस दौरान रोड सेफ्टी क्विज, ट्रैफिक ड्रिल और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
18 मई से 5 जून 2026 तक तीन चरणों में आयोजित किए जा रहे इस समर कैंप में कक्षा छह से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को शामिल किया जा रहा है। कैंप में ट्रैफिक ड्रिल, सड़क सुरक्षा बोर्ड गेम, नुक्कड़ नाटक, कहानी सत्र, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर, अग्नि सुरक्षा, साइबर जागरूकता और लैंगिक संवेदनशीलता जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जल्द शुरू होगा कैंप का तीसरा और अंतिम चरण
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कैंप का तीसरा और अंतिम चरण जल्द शुरू होगा, जिसमें करीब 800 और विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें