नोएडा। डूब क्षेत्र के निवासी पिछले कई दिनों से बिजली और पानी की बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में लगभग 200 प्रदर्शनकारियों पर एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में गुरुवार को लोग सैक्टर-113 थाने का घेराव करने निकल पड़े। किसान नेता सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में डूब क्षेत्र के लोग पर्थला से सैक्टर-113 थाने की ओर कूच कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिजली-पानी जैसी मूलभूत जरूरतों की मांग को लेकर धरना देने पर पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया।
सूचना मिलते ही थाने की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति संभालने के लिए एडीसीपी मनीषा सिंह ने मोर्चा संभाला है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।
ज्ञात हो कि 6 सितंबर से पर्थला फ्लाईओवर के पास डूब क्षेत्र में नए विद्युत कनेक्शन की मांग को लेकर भारतीय किसान परिषद के बैनर तले धरना-प्रदर्शन चल रहा था। पुलिस ने सड़क जाम, नारेबाजी और अन्य आरोपों में सुखबीर खलीफा समेत करीब 40 नामजद और लगभग 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ सैक्टर-113 थाने में एफआईआर दर्ज की थी। प्रदर्शनकारी एफआईआर वापस लेने और बिजली-पानी की मांग पूरी करने की मांग कर रहे हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराया, नौकायन में सिल्वर, स्क्वैश और तीरंदाजी में ब्रॉन्ज

