दिल्ली पुलिस और एनआईईएलआईटी के बीच साइबर चुनौतियों से निपटने के लिए एमओयू

New Delhi news  बदलते अपराध स्वरूप और बढ़ती साइबर चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआईटी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल के तहत दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और कर्मियों को उन्नत साइबर एवं डिजिटल तकनीकों से संबंधित विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
समझौते पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। दिल्ली पुलिस की ओर से विशेष पुलिस आयुक्त (प्रशिक्षण) संजय कुमार तथा एनआईईएलआईटी की ओर से कुलपति डॉ. मदन मोहन त्रिपाठी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इस साझेदारी के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, साइबर फोरेंसिक, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, विश्लेषण और अन्य उभरती तकनीकों से संबंधित संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य पुलिस कर्मियों की तकनीकी समझ और डिजिटल जांच क्षमताओं को मजबूत करना है, ताकि तकनीक आधारित अपराधों की रोकथाम और जांच अधिक प्रभावी ढंग से की जा सके।
आधुनिक दौर में तेजी से बदल रहा है अपराधों का स्वरूप
दिल्ली पुलिस का मानना है कि आधुनिक दौर में अपराधों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। साइबर अपराध, आॅनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, पहचान चोरी, फर्जी सूचनाओं का प्रसार और डिजिटल माध्यमों के दुरुपयोग जैसी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में पारंपरिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी प्रशिक्षण और निरंतर कौशल विकास को भी आवश्यक माना जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार यह पहल केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस की कार्यक्षमता को और अधिक आधुनिक एवं तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें