कई श्रमिक लापता, राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने दिए जांच के आदेश
Massive Explosion : नई दिल्ली। चीन के उत्तरी शांक्सी प्रांत में स्थित ‘लियुशेन्यु’ कोयला खदान में शुक्रवार देर रात हुए भीषण गैस विस्फोट में कम से कम 90 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई श्रमिक अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
Massive Explosion :
चीनी सरकारी मीडिया शिन्हुआ के मुताबिक, यह दुर्घटना किनयुआन काउंटी की लियुशेन्यु कोयला खदान में हुई। हादसे के समय खदान के भीतर 247 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि खदान के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। बचाव दल ने 200 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन कई लोग अंदर फंसे होने की आशंका है।
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्य में कोई कमी न छोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। वहीं प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी समय पर जानकारी जारी करने और जवाबदेही तय करने पर जोर दिया।
हादसे के बाद खदान संचालित करने वाली कंपनी के कई अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती रिपोर्ट में केवल आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 90 पहुंच गई। प्रशासन ने संख्या बढ़ने के कारणों पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
बताया जा रहा है कि चीन ने पिछले वर्षों में खदान सुरक्षा को लेकर नियम सख्त किए हैं, जिससे खदान हादसों में कमी आई है। इसके बावजूद यह दुर्घटना पिछले एक दशक की सबसे भीषण खदान त्रासदियों में से एक मानी जा रही है। फिलहाल मौके पर बचाव दल युद्धस्तर पर अभियान चलाए हुए हैं।
Massive Explosion :

