सराय रोहिल्ला पुलिस ने आॅटो लिफ्टर और स्नैचर गैंग का किया भंडाफोड़

New Delhi news  उत्तर जिला के सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान आॅटो लिफ्टिंग, मोबाइल झपटमारी और पॉकेटमारी में शामिल दो किशोर समेत तीन आरोपियों को पकड़कर बड़े गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन चोरी की स्कूटी और छह चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पहले मामले में 13-14 मई की रात सराय रोहिल्ला क्षेत्र से चोरी हुई एक होंडा एक्टिवा स्कूटी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सागर शर्मा (22) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की दो स्कूटी और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ में सागर ने बताया कि वह नशे का आदी है और मास्टर चाबी के जरिए स्कूटी चोरी करता था। चोरी के वाहनों का इस्तेमाल वह भीड़भाड़ वाले बाजारों में मोबाइल और कीमती सामान की पॉकेटमारी के लिए करता था। बाद में वह चोरी किए गए मोबाइल सस्ते दामों पर बेच देता था।
दूसरे मामले में 14 मई को सुबह जॉगिंग के दौरान एक महिला से मोबाइल झपटने की घटना सामने आई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और चोरी की स्कूटी की पहचान की।
जांच के दौरान 18 मई को दो किशोरों को पुरानी रोहतक रोड से पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल झपटमारी और स्कूटी चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की। दोनों ने बताया कि उनके साथ एक और साथी भी शामिल था, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से कुल 10 मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें मोबाइल झपटमारी, वाहन चोरी और पॉकेटमारी की घटनाएं शामिल हैं। मामले की आगे जांच जारी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें