New Delhi news नशा मुक्त भारत अभियान के तहत रोहिणी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले गिरोह का पदार्फाश किया है। पुलिस ने इस मामले में छह और आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 1568 ग्राम हेरोइन और 506 ग्राम कच्ची अफीम बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, मामला थाना बुध विहार में दर्ज एफआईआर संख्या 142/26 के तहत जांच के दौरान सामने आया। जांच में पहले गिरफ्तार आरोपी मनोज सोनी से पूछताछ के बाद पुलिस लगातार सप्लाई चेन तक पहुंचती गई। इसके आधार पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मणिपुर में कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
सबसे पहले पुलिस ने तिलक नगर से संध्या को गिरफ्तार कर उसके पास से हेरोइन बरामद की। इसके बाद बरेली से मेहनाज उर्फ बेजी और यूनुस को पकड़ा गया। यूनुस की निशानदेही पर बाराबंकी से सब्बीर को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में यूनुस ने खुलासा किया कि वह मणिपुर से कच्ची अफीम लाकर अपने ठिकाने पर उसे रिफाइन कर हेरोइन तैयार करता था और दिल्ली-एनसीआर में उसकी सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस टीम मणिपुर के इंफाल पहुंची, जहां मोहम्मद इस्ताफाम और फुंद्रेइमायुम अमजद अली को एक बोलेरो कार के साथ गिरफ्तार किया गया। कार के गियर बॉक्स में छिपाकर रखी गई 506 ग्राम कच्ची अफीम बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार बरामद कच्ची अफीम से लगभग 1.5 से 2 किलो हेरोइन तैयार की जा सकती थी। पुलिस की कार्रवाई से दिल्ली और मणिपुर के बीच सक्रिय एक बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मामले की आगे जांच जारी है।

New Delhi news

