अप्रैल में 89 साइबर अपराधी पकड़े, 40 करोड़ के फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश

New Delhi news  पश्चिम जिला दिल्ली पुलिस के साइबर थाना (पीएस साइबर वेस्ट) ने अप्रैल-2026 के दौरान साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए 89 साइबर अपराधियों को कानून के दायरे में लाया है। पुलिस ने देशभर में फैले कई अंतरराज्यीय साइबर गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए 35 आरोपियों को गिरफ्तार और 54 लोगों को पाबंद किया। कार्रवाई के दौरान करीब 40 करोड़ रुपये के साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क का खुलासा किया गया।
पुलिस के अनुसार, विकास कुमार के नेतृत्व तथा विजय सिंह की निगरानी में टीमों ने डिजिटल अरेस्ट, निवेश धोखाधड़ी, एपीके फाइल स्कैम, फर्जी डेटिंग क्लब और म्यूल अकाउंट नेटवर्क से जुड़े अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की।
पुलिस टीमों ने झारखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली में छापेमारी कर संगठित साइबर नेटवर्क का पदार्फाश किया। जांच के दौरान अपराधियों द्वारा ठगी की रकम को म्यूल अकाउंट, क्रिप्टोकरेंसी और कई वित्तीय लेयरों के माध्यम से छिपाने का खुलासा हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 14.18 लाख नकद, 359 सिम कार्ड, 218 एटीएम कार्ड, 88 मोबाइल फोन समेत बड़ी मात्रा में डिजिटल उपकरण बरामद किए। इसके अलावा बैंकिंग समन्वय और त्वरित कार्रवाई के जरिए 1.11 करोड़ की राशि सुरक्षित कराई गई तथा अदालत के आदेश से 51.95 लाख पीड़ितों को वापस दिलाए गए।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दराडे शरद भास्कर ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नागरिकों को साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अप्रैल-2026 की बड़ी उपलब्धियां
89 साइबर अपराधी कानून के दायरे में लाए गए
35 आरोपी गिरफ्तार, 54 लोगों को पाबंद किया गया
34 साइबर मामलों का सफल खुलासा
40 करोड़ के साइबर नेटवर्क का भंडाफोड़
51.95 लाख पीड़ितों को वापस दिलाए गए
1.11 करोड़ की राशि समय रहते सुरक्षित कराई गई
पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया
-14.18 लाख नकद
-359 सिम कार्ड
-218 एटीएम कार्ड
-88 मोबाइल फोन
-78 चेकबुक
-दो लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण

New Delhi news

यहां से शेयर करें