New Delhi news दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (नॉर्दर्न रेंज एवं एसटीएफ) ने रंगदारी वसूली से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नवीन डबास उर्फ जोरा गैंग के कथित सक्रिय शूटर चिराग उर्फ सचिन को गिरफ्तार किया है। आरोपी झज्जर में एक मेडिकल स्टोर पर फायरिंग के मामले में वांछित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सेमी आॅटोमैटिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय चिराग उर्फ सचिन निवासी खरखौदा, सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि वह अपने साथियों मोहित उर्फ चांद और जतिन के साथ नवीन डबास उर्फ जोरा के संपर्क में था, जो कथित तौर पर दुबई से गैंग का संचालन कर रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 5 मई 2026 को जोरा के निर्देश पर चिराग, मोहित और जतिन झज्जर पहुंचे थे, जहां उन्होंने कथित रूप से एक मेडिकल स्टोर पर रंगदारी के उद्देश्य से फायरिंग की थी। घटना के बाद स्टोर संचालक को फोन कर धमकी भी दी गई थी। इस संबंध में हरियाणा के झज्जर सिटी थाने में मामला दर्ज किया गया था।
स्पेशल सेल को 12 मई को सूचना मिली थी कि गैंग का एक शूटर अवैध हथियार के साथ रोहिणी इलाके में मौजूद है। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दसवीं तक पढ़ाई की है और पहले खरखौदा में एक जनरल स्टोर पर काम करता था। बाद में वह अपने मित्र मोहित के जरिए सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग के संपर्क में आया। उसके दो साथी पहले ही हरियाणा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि वह लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और गैंग से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
New Delhi news

