New Delhi news द्वारका जिला पुलिस द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम’ के तहत स्पेशल स्टाफ टीम ने एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14.89 ग्राम स्मैक (हेरोइन) और 17,930 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद नकदी को स्मैक बेचकर अर्जित रकम बताया गया है।
पुलिस के अनुसार द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने जिले की सभी पुलिस टीमों को नशे और अवैध शराब के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ लगातार मादक पदार्थ तस्करों पर नजर बनाए हुए थी।
29 अप्रैल 2026 को हेड कांस्टेबल जगत सिंह को सूचना मिली कि चाणक्य प्लेस, डाबरी इलाके में एक युवक स्मैक की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर एएसआई करतार, एएसआई विजय सिंह, हेड कांस्टेबल जगत सिंह, प्रदीप, जगदीश और कांस्टेबल हेमराज की टीम का गठन किया गया। टीम इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व और एसीपी आॅपरेशन सुभाष मलिक की निगरानी में कार्रवाई कर रही थी।
पुलिस टीम ने चाणक्य प्लेस पहुंचकर मुखबिर की निशानदेही पर एक संदिग्ध युवक को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान उसके पास से 14.89 ग्राम स्मैक और 17,930 रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद डाबरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले चाणक्य प्लेस इलाके में रेहड़ी पर काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान समरजीत नामक व्यक्ति से हुई, जिसने उसे जल्दी पैसा कमाने के लालच में स्मैक तस्करी के धंधे में शामिल कर लिया। आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए वह समरजीत के कहने पर ड्रग्स बेचने लगा।
पुलिस अब बरामद स्मैक की सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
New Delhi news

