दिल्ली पुलिस ने पकड़ा 8 करोड़ की साइबर ठगी करने वाला इंटरनेशनल गैंग

New Delhi news  शाहदरा साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय लिंक वाले साइबर ठगी गिरोह का पदार्फाश किया है। पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी नौकरी और निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर रहे थे।

25 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि गीता कॉलोनी स्थित एक होटल में कुछ लोग संदिग्ध साइबर गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जहां अलग-अलग राज्यों के 12 लोग विभिन्न कमरों में ठहरे मिले। पूछताछ में सभी ने संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क में शामिल होने की बात कबूल की। बाद में पुलिस रिमांड के दौरान लुधियाना से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
टेलीग्राम ग्रुप से चलता था पूरा नेटवर्क
जांच में सामने आया कि गिरोह पंजाब, तेलंगाना, बिहार, पश्चिम बंगाल, यूपी, असम और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में फैला हुआ था। आरोपी सोशल मीडिया, जॉब पोर्टल और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए नौकरी तलाश रहे लोगों को निशाना बनाते थे।
गिरोह पहले वर्क फ्रॉम होम, पार्ट टाइम जॉब और हाई सैलरी का लालच देता था, फिर रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट और टास्क चार्ज के नाम पर पैसे ठगता था। इसके लिए टेलीग्राम ग्रुप और फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस जांच में एक बैंक खाते से 40 एनसीआरपी शिकायतें और करीब 1.5 करोड़ रुपये की ठगी जुड़ी मिली, जबकि एक एटीएम कार्ड तीन करोड़ रुपये की ठगी से लिंक पाया गया। कुल ठगी का आंकड़ा आठ करोड़ रुपये से ज्यादा सामने आया है।
मोबाइल, सिम कार्ड और लैपटॉप बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 मोबाइल फोन, 19 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, चार चेकबुक, तीन एटीएम कार्ड और दो फर्जी स्टांप बरामद किए हैं। जांच में सोशल मीडिया चैट, एपीके टूल्स और डिजिटल साक्ष्यों से पूरे नेटवर्क के संगठित तरीके से काम करने का खुलासा हुआ है। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों और नेटवर्क की विदेशी कड़ियों की जांच कर रही है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें