New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम 6 मई 2026 को मध्य दिल्ली के दरीयागंज स्थित एसकेवी दयानंद रोड स्कूल में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक की 116 छात्राओं तथा 11 शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
एएनटीएफ की ओर से स्कूल परिसर में ड्रग्स के नुकसान दशार्ने वाले स्टैंडी लगाए गए तथा जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। इंस्पेक्टर राकेश दुहान ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से छात्राओं को नशे के खतरे, इसके सामाजिक प्रभाव और इससे बचाव के उपायों के बारे में बताया। साथ ही मानस हेल्पलाइन 1933 और ई-प्लेज अभियान की जानकारी भी दी गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम को छात्रों और शिक्षकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। स्कूल प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने की इच्छा जताई।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि युवाओं को नशे के खतरे से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
New Delhi news

