हिंडन क्षेत्र की कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन का रास्ता होगा साफ! सीएम योगी से मिले विधायक पंकज सिंह

नोएडा। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े किसानों, हिंडन क्षेत्र की कॉलोनियों में विद्युत कनेक्शन और विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विधायक ने हिंडन क्षेत्र में लंबे समय से बिजली कनेक्शन नहीं मिलने से परेशान हजारों परिवारों की समस्या को मुख्यमंत्री के सामने प्रमुखता से रखा।

विधायक पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि हिंडन क्षेत्र की कई कॉलोनियों में लंबे समय से नए विद्युत कनेक्शन देने की प्रक्रिया बंद है। इसके कारण बड़ी संख्या में परिवार आज भी नियमित विद्युत सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पात्र परिवारों को सशर्त अथवा अस्थायी विद्युत कनेक्शन देने की मांग रखी।

विधायक ने कहा कि यदि इन कॉलोनियों में वैधानिक तरीके से बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा दिए जाते हैं तो नागरिकों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही इससे बिजली चोरी पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी और सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी। उन्होंने बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

31 अगस्त की कार्रवाई रोकने के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार

विधायक पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 31 अगस्त 2026 को हिंडन क्षेत्र की कॉलोनियों में विद्युत विभाग द्वारा की गई बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई को रोकने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया था। विधायक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कार्रवाई तत्काल रोकने के निर्देश दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

वैधानिक प्रक्रिया के तहत कनेक्शन देने का आश्वासन

बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया। विशेष रूप से हिंडन क्षेत्र के निवासियों की विद्युत समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा वैधानिक विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए विधि-सम्मत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री के इस आश्वासन के बाद हिंडन क्षेत्र की कॉलोनियों में रहने वाले हजारों परिवारों को बिजली कनेक्शन मिलने की उम्मीद जगी है। विधायक पंकज सिंह ने विश्वास जताया कि इस संबंध में जल्द ही सकारात्मक निर्णय सामने आएगा और पात्र परिवारों को वैधानिक रूप से विद्युत सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

किसानों और विकास कार्यों पर भी हुई चर्चा

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र के अन्नदाताओं यानी किसानों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों और जनसमस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक समाधान और विकास कार्यों को गति देने की मांग की।

विधायक पंकज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र से जुड़े सभी विषयों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने हिंडन क्षेत्र के निवासियों को वैधानिक विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के सकारात्मक आश्वासन के लिए मुख्यमंत्री का सहृदय आभार व्यक्त किया।

 

नोएडा में शांति भंग के नाम पर कार्रवाई पर बड़ा सवाल: अकृति चौधरी के NSA से अक्षत त्रिपाठी के 5 लाख के बॉन्ड नोटिस तक, जानिए कमिश्नरेट में किसके पास है मजिस्ट्रेट की ताकत

 

 

यहां से शेयर करें