गाजियाबाद एनकाउंटर: 4 साल की भांजी से दुष्कर्म कर हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

गाजियाबाद एनकाउंटर:  उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने अपनी 4 साल की मासूम भांजी के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने के आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया। 55 वर्षीय यह आरोपी जिसे जीशान के नाम से पहचाना गया है रविवार की रात गाजियाबाद के तीला मोड़ इलाके में पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मारा गया।

क्या था पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल को दोपहर के समय जीशान ने बच्ची को टॉफी दिलाने का बहाना बनाकर घर के बाहर से बुलाया। वह उसे अपने कमरे में ले गया, जहाँ उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे गला घोंटकर मार डाला। इसके बाद वह लाश को अपने कंधों पर उठाकर शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की एक 80 फुट चौड़ी सड़क पर एक कार के नीचे फेंककर फरार हो गया।

कैसे हुई मुठभेड़?

आरोपी पर ₹50,000 का इनाम घोषित था। ADCP क्राइम पीयूष सिंह और ACP क्राइम की निगरानी में SWAT टीम ने यह ऑपरेशन चलाया। जीशान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। दो दिन पहले दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में उसकी मौजूदगी दर्ज हुई थी, जिससे पता चला कि वह दिल्ली से भागने की कोशिश कर रहा था।

सुप्रीम कोर्ट की भी थी नजर

यह एनकाउंटर उस समय हुआ जब सुप्रीम कोर्ट एक अन्य दुष्कर्म-हत्या मामले में गाजियाबाद पुलिस और स्थानीय अस्पतालों की “उदासीन, अमानवीय और असंवेदनशील” कार्यशैली की आलोचना कर चुका था।

परिजनों और इलाके में छाया था मातम

इस जघन्य अपराध ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह बच्ची बेहद चंचल और जिंदादिल थी। आरोपी का पीड़िता का सगा मामा होना इस घटना को और भी अधिक दर्दनाक बना देता है। यह खबर जनहित में प्रकाशित की गई है। पीड़ित परिवार की निजता का सम्मान करते हुए बच्ची की पहचान उजागर नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें: नोएडा प्राधिकरण एमजी इंफ्रा सॉल्यूशन पर क्यों मेहरबान: MG INFRA का पार्किंग साम्राज्य, जनता की जेब पर डाका, प्राधिकरण की जुबान पर ताला

यहां से शेयर करें