गाजियाबाद में आग का कहर: एक ही दिन दो जगह भड़की लपटें, क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसायटी गेट से झुग्गी बस्ती तक दहशत

गाजियाबाद में आग का कहर: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में इन दिनों आग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसायटी के एंट्री गेट पर लगी भीषण आग सिक्योरिटी कार्यालय तक फैल गई, जिसके बाद सोसायटी के फायर फाइटिंग सिस्टम ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसके अलावा उसी दिन चौधरी मोड़ पर गैस पाइपलाइन लीक होने से सड़क पर भी आग लग गई।

इसी सप्ताह गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में एक और बड़ा अग्निकांड सामने आया था। इंदिरापुरम क्षेत्र के कनावनी इलाके में स्थित झुग्गियों में दोपहर अचानक भयावह आग भड़क उठी। खाली प्लॉट पर बनी करीब 125 झुग्गियां आग की चपेट में आ गईं और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि करीब 200 मीटर दूर तक उनकी तपिश महसूस की गई।

इस हादसे में 50 से अधिक छोटे-बड़े गैस सिलेंडर विस्फोट के साथ फट गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई और करीब 125 परिवार बेघर हो गए। शुरुआत में वैशाली, साहिबाबाद और कोतवाली फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए मेट्रोसिटी, लोनी और गौतमबुद्ध नगर से भी अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए। कुल 22 फायर टेंडर्स की मदद से करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

सीएम योगी ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदाड़ ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। एहतियात के तौर पर एंबुलेंस और राहत टीमें मौके पर तैनात हैं। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद एनकाउंटर: 4 साल की भांजी से दुष्कर्म कर हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

यहां से शेयर करें