500 से ज्यादा झुग्गियां जलीं, सभी लापता बच्चे सुरक्षित, हालात काबू में
Ghaziabad fire incident: गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में गुरुवार दोपहर लगी भीषण आग पर देर शाम तक काबू पा लिया गया है। इस अग्निकांड में 500 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। राहत की बात यह रही कि आग के दौरान लापता बताए जा रहे सभी बच्चे सुरक्षित मिल गए हैं।
Ghaziabad fire incident:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे झुग्गी क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने के साथ ही झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे जोरदार धमाके हुए और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल विभाग की कई गाड़ियों और वाटर टेंडरों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल कूलिंग का काम जारी है और टीमों द्वारा पूरे क्षेत्र की कॉम्बिंग की जा रही है, ताकि कहीं दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे।
प्रशासन के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कबाड़ के गोदाम में आग लगने के बाद यह तेजी से झुग्गियों में फैल गई। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की जांच अभी जारी है। इस हादसे में सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं और उनका सारा सामान जलकर राख हो गया है। प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों के लिए राहत और सहायता की व्यवस्था की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को मौके पर तैनात रखा गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Ghaziabad fire incident:

