Uttar Pradesh : आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगरा दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ‘ग्रेटर आगरा’ टाउनशिप परियोजना का शिलान्यास करेंगे, जिसे शहर के विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि इस योजना के तहत एक्सप्रेसवे के नजदीक आम लोगों को सस्ते प्लॉट उपलब्ध कराने की तैयारी है।
Uttar Pradesh :
रविवार को प्रदेश के पर्यटन एवं आगरा के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सर्किट हाउस और कमिश्नरी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि ग्रेटर आगरा परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और इससे आवासीय व आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।
बैठक के बाद मंत्री ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ इनर रिंग रोड और एक्सप्रेसवे के पास रायपुर-रहनकलां स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए इनर रिंग रोड से गढ़ी संपत तक जर्जर सड़क का तेजी से पुनर्निर्माण कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।
प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 2:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर उतरेगा। इसके बाद 2:45 बजे वे ग्रेटर आगरा टाउनशिप का शिलान्यास व भूमि पूजन करेंगे और करोड़ों रुपये की अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। कार्यक्रम के अंत में वे जनसभा को संबोधित करेंगे।
निरीक्षण के दौरान मंच, हेलीपैड, पार्किंग, मीडिया गैलरी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिलापट्ट तैयार करने और लाभार्थियों की सूची समय से पूर्ण करने को भी कहा गया है।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली भी बैठक में शामिल हुए।
Uttar Pradesh :

