Uttar Pradesh State Women’s Commission: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार, गौतम बुद्ध नगर में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें सदस्य के समक्ष प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में महिलाओं से संबंधित लगभग 50 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, भरण-पोषण, उत्पीड़न मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जनसुनवाई के दौरान सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने सभी फरियादी महिलाओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा प्रत्येक मामले का संज्ञान लेते हुए मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर अनुश्रवण करते हुए उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय मिल सके और उनकी समस्याओं का समाधान पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से किया जा सके।
महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में उठाएं कदम
सदस्य ने बैठक में उपस्थित पुलिस विभाग, महिला कल्याण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों में आने वाली फरियादी महिलाओं की समस्याओं को अत्यंत संवेदनशीलता, सहानुभूति और मधुर व्यवहार के साथ सुना जाए। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाएं सामाजिक और पारिवारिक दबाव के कारण अपनी समस्याएं खुलकर नहीं रख पाती हैं, ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे उन्हें भरोसा दिलाएं और न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएं।
फरियादी महिलाओं को भेंट किए पौधे
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सदस्य द्वारा जनसुनवाई में उपस्थित महिला अधिकारियों, कर्मचारियों तथा फरियादी महिलाओं को पौधे भेंट कर उन्हें महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दी गईं।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवाकांत द्विवेदी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय अजय कुमार, डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा, एसीपी दीक्षा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, एसीएमओ टीकम सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

