ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण: जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने सील, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था को परखा

गौतमबुद्ध नगर। जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण किया। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए इस निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित पाई गईं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने स्वयं वेयर हाउस के ताले पर लगी सील की बारीकी से जांच की, जो पूरी तरह सुरक्षित पाई गई। इसके साथ ही उन्होंने वेयर हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया और संतोष व्यक्त किया कि सभी कैमरे पूरी तरह सुचारु रूप से कार्यरत हैं। निरीक्षण के दौरान खिड़कियों और रोशनदानों की सुरक्षा व्यवस्था की भी सूक्ष्मता से जांच की गई, जो सभी मानकों पर खरी पाई गई।

निरीक्षण के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयर हाउस की सुरक्षा में तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र की आधारशिला है और इसे सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के नियमित निरीक्षण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को सतर्क और सजग रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। इसी क्रम में जिला स्तर पर प्रत्येक माह वेयर हाउस का निरीक्षण किया जाता है, ताकि मशीनों की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोताही न हो और मतदान प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बना रहे।

 

यह भी पढ़ें: विकास कार्यों का जायजा: प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह और विधायक तेजपाल नागर ने किया निरीक्षण

यहां से शेयर करें