Ghaziabad news शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में आॅनलाइन संचालित जीपीएस मॉनिटरिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने बताया कि व्हीकल ट्रैकिंग मॉनिटरिंग सिस्टम (वीटीएमएस) के माध्यम से अब स्वास्थ्य, जलकल, निर्माण, उद्यान और प्रकाश विभाग के वाहनों की नियमित निगरानी की जा रही है। निर्धारित रूट से वाहन के भटकते ही कॉल सेंटर के माध्यम से चालक को तुरंत फोन कर सचेत किया जाता है।
कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पिछले दो वर्षों में मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत किया गया है। निगम के 611 डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहन ,लगभग 40 उद्यान विभाग के वाहन और करीब 18 जलकल विभाग के वाहन है। इन सभी के संचालन और रूट की निगरानी वीटीएमएस के जरिए की जा रही है। इसके अलावा वॉटर स्प्रिंकलर, उद्यान विभाग के ट्रैक्टर, जेसीबी और अन्य निर्माण से जड़े वाहनों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
नगर आयुक्त ने मॉनिटरिंग टीम से सीधे संवाद कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन मॉनिटरिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
नगर आयुक्त ने कहा कि जीपीएस आधारित यह प्रणाली शहर में स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, निर्माण और हरित विकास से जुड़े कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
निगरानी व्यवस्था से कार्यों में आएगी पारदर्शिता
निगम का दावा है कि तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था से न केवल कार्यों में पारदर्शिता आई है, बल्कि शहरवासियों को भी बेहतर और त्वरित सेवाएं मिल रही हैं।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज तथा मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Ghaziabad news

