Noida News: एक गाने ने ले ली जान, जानिए कैसे बढा था विवाद

Noida News: दिल्ली से सटे नोएडा में एक बार फिर छोटी सी बात पर हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ है। फेज-2 थाना क्षेत्र के गेझा गांव में जन्मदिन की पार्टी में तेज आवाज में गाना बजाने का विरोध करना एक व्यक्ति को इतना महंगा पड़ा कि उसकी जान ही चली गई। घटना में दो सगे भाइयों ने मिलकर पड़ोसी की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गेझा गांव की गली नंबर-4 में हुई घटना

यह पूरा मामला नोएडा के गेझा गांव की गली नंबर-4 का है। यहां 45 वर्षीय सतीश शर्मा अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके घर के ठीक सामने सुमित अपने पिता और भाई ललित के साथ रहता है। शनिवार को सुमित के बेटे का जन्मदिन था, जिसे लेकर घर में जश्न का माहौल था और जन्मदिन के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

तेज आवाज में गाना बजाने पर शुरू हुआ विवाद

जन्मदिन के इस कार्यक्रम के दौरान होम थिएटर पर बेहद तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे। आवाज इतनी ज्यादा थी कि सामने रहने वाले सतीश शर्मा को परेशानी होने लगी। उन्होंने खुद सुमित के घर जाकर आवाज धीमी करने का अनुरोध किया। आरोप है कि इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर बात बहस तक जा पहुंची।

दोनों भाइयों ने मिलकर की पिटाई, मौके पर बेहोश हुए सतीश

पुलिस के मुताबिक बहस बढ़ते ही सुमित ने मारपीट शुरू कर दी और उसके साथ उसके भाई ललित ने भी मिलकर सतीश शर्मा की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान सतीश सड़क पर गिर पड़े। सिर और मुंह पर गंभीर चोटें लगने के बाद वह मौके पर ही बेहोश हो गए। यह देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया और वे तुरंत उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

जैसे ही अस्पताल से घटना की जानकारी पुलिस को मिली, फेज-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके बाद सतीश शर्मा के भाई मनीष ने फेज-2 थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों को किया गिरफ्तार

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित और उसके भाई ललित, दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और रविवार को उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है।

छोटी सी बात पर बड़ी वारदात

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि किस तरह रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातें, जैसे तेज आवाज में संगीत बजाना, अगर समय रहते सुलझाई न जाएं तो कितना विकराल रूप ले सकती हैं। पड़ोसियों के बीच आपसी सहनशीलता और संयम की कमी के चलते एक जन्मदिन का जश्न पूरे परिवार के लिए मातम में बदल गया।

यह भी पढ़ें: KFC आउटलेट में फ्राइड चिकन खाने से पहले ये खबर जरूर पढ़े

यहां से शेयर करें