हैदराबाद के बशीरबाग स्थित प्रेस क्लब भवन में शनिवार को आयोजित समारोह में पत्रकार डॉ. देवकुमार पुखराज को पंडित सदाशिव शर्मा स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और तेलंगाना के सह प्रभारी सचिन सावंत ने शॉल ओढ़ाकर और प्रतीक चिह्न देकर डॉ. पुखराज का सम्मान किया। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस भाषाई अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ और हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट सोसाइटी ने हिंदी दिवस के मौके पर सम्मान समारोह का आयोजन किया था।
डॉ देव कुमार पुखराज, मूलत: बिहार के आरा के रहने वाले हैं और पिछले डेढ़ दशक से हैदराबाद में रहकर पत्रकारिता करते है। पिछले तीन दशक की पत्रकारिता यात्रा में डॉ॰ देवकुमार पुखराज ने मीडिया की तीनों विधाओं, प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल में विभिन्न स्तरों पर कार्य किया है। नब्बे के दशक में दैनिक आज से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर आर्यावर्त और दैनिक जागरण होते हुए ईटीवी नेटवर्क और न्यूज 18 तक जारी रहा। डॉक्टर पुखराज ने जिला संवाददाता, ईटीवी में रिपोर्टर, ब्यूरो चीफ, शिफ्ट इंचार्ज और डेस्क इंचार्ज जैसे दायित्व निभाए। वे विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में समसामयिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर लगातार लेखन करते रहे हैं।
पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए समय समय पर इन्हें कई अवॉर्ड और सम्मान भी मिले।
पत्रकारिता के लिए उदयपुर में ‘श्रीफल पत्रकारिता पुरस्कार’, राजभाषा संवर्धन के लिए केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह के हाथों दिल्ली में ‘हिंदी शिखर सम्मान’ और बिहार के राज्यपाल द्वारा पुरस्कृत हो चुके हैं। संप्रति, वे भारत सरकार के राजभाषा सलाहकार और हिंदुस्थान समाचार में विशेष संवाददाता (आंध्रप्रदेश और तेलंगाना) के तौर पर अपनी सेवा दे रहे हैं।
हैदराबाद में शनिवार को हुए हिंदी दिवस समारोह में तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़, तेलंगाना सरकार के सलाहकार और वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी. हनुमंत राव, एआईसीसी सेक्रेटरी एंड टीपीसीसी के को-इंचार्ज सचिन सावंत समेत बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के कर्ताधर्ता, साहित्यकार, पत्रकार, बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।
इस मौके पर साहित्यकार डॉ. ऋषभदेव शर्मा को विनयवीर स्मारक पुरस्कार और कवि मनोजर कोसंदर को स्व. विद्यारण्य हरिबेल्के स्मृति पुरस्कार से नवाजा गया। अतिथियों का स्वागत भाषाई कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और हिंदी जर्नलिस्ट सोसाइटी हैदराबाद के अध्यक्ष अजय शुक्ला ने किया। कार्यक्रम का संचालन जाने माने कवि नंद गोपाल भट्ड़ ने किया।


