ग्रेटर नोएडा एनकाउंटर: पैरामाउंट सोसाइटी लूटकांड का पुलिस मुठभेड़ में खुलासा, चार बदमाश गिरफ्तार, दो घायल

ग्रेटर नोएडा एनकाउंटर: ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस और सेंट्रल नोएडा सर्विलांस टीम ने रविवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए घरों में घुसकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। मुठभेड़ में दो बदमाश घायल होकर गिरफ्तार हुए, जबकि पुलिस की कॉम्बिंग के दौरान बाकी दो आरोपी भी दबोच लिए गए।

कैसे हुआ खुलासा

पुलिस को स्थानीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि वारदात में शामिल कुछ बदमाश तिलपता गोल चक्कर के आसपास घूम रहे हैं। इसी सूचना पर सुबह वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, तभी डी-पार्क की तरफ से एक सफेद रंग की टैक्सी नंबर प्लेट वाली कार आती दिखी। पुलिस ने जैसे ही कार को घेरकर रोकने की कोशिश की, अंदर बैठे युवकों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने गाड़ी यू-टर्न लेकर सूरजपुर वेटलैंड की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत पीछा कर घेराबंदी कर ली। घिरता देख आरोपी गाड़ी छोड़कर पैदल भागे और पेड़ों तथा झाड़ियों की आड़ में छिपकर दोबारा पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने लगे। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया। बाकी दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जिन्हें कुछ ही देर बाद कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों की पहचान और आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरपाल (पुत्र होरीलाल), विजयपाल (पुत्र किशनपाल), अर्जुन कश्यप (पुत्र कुंभकरण) और अवधेश (पुत्र नेम सिंह) के रूप में हुई है। ये सभी मूल रूप से जनपद कासगंज के निवासी हैं और फिलहाल सूरजपुर कस्बे में ही रह रहे थे। इनमें वीरपाल पर कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि बाकी आरोपियों पर भी करीब आधा दर्जन मुकदमे सामने आए हैं। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार विजयपाल कैब चालक के तौर पर काम करता था।

पैरामाउंट सोसाइटी में हुई थी लूट

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि 4-5 जुलाई की रात उन्होंने थाना सूरजपुर क्षेत्र की पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में लूट और चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक इस घटना में एक बदमाश चाकू के दम पर महिला और उसके बच्चों को बंधक बनाकर विला में घुसा था और करीब 15 लाख रुपये के गहने व नकदी लूट ले गया था। इस वारदात ने हाई-प्रोफाइल सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

बरामदगी

आरोपियों के पास से पुलिस ने निम्नलिखित सामान बरामद किया, विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा, सोने-चांदी के आभूषण (लूट का 100% स्वर्ण बरामद), 02 हाथ घड़ियां, नकद ₹14,275/- (लूटे गए करीब ₹30,000 में से आधी रकम बरामद), घटना में प्रयुक्त शिफ्ट कार, चार 315 बोर के कंट्री मेड तमंचे, चार खोखे (स्पेंड कार्टेजेस) और चार जिंदा कारतूस
पुलिस अधिकारी का बयान

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त गौतम बुद्ध नगर के निर्देशन में लगातार अपराध विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोसाइटी में तैनात सुरक्षा गार्ड्स और संबंधित सिक्योरिटी एजेंसी को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गार्डेड सोसाइटी होने के बावजूद बदमाश अंदर कैसे घुसे, सुरक्षा में क्या खामियां रहीं और इसमें किसी की मिलीभगत तो नहीं थी।

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल बदमाशों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक जांच के जरिए मामले की तह तक जाया जा रहा है ताकि सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद खामियों को भी उजागर किया जा सके।

यह भी पढ़ें: पहाड़ों पर बारिश का कहर, उत्तराखंड में 91 सड़कें बंद

यहां से शेयर करें