नोएडा-ग्रेटर नोएडा में एक ही दिन तीन मौतें, तनाव की बात सामने आई

नोएडा। ग्रेटर नोएडा और सेंट्रल नोएडा क्षेत्र में बुधवार को तीन अलग-अलग मामलों में लोगों की मौत हो गई। इनमें से एक मामला एक एमबीए छात्र से जुड़ा है, जबकि बाकी दो मामलों में भी पुलिस की शुरुआती जांच में मानसिक तनाव की बात सामने आई है। पुलिस तीनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।

22वीं मंजिल से गिरकर एमबीए छात्र की मौत

नॉलेज पार्क थाना पुलिस के अनुसार, मेरठ निवासी 26 वर्षीय मौर्य पटेल सेक्टर-150 स्थित जेपी अमन सोसाइटी में एक दोस्त के साथ किराए के मकान में रहते थे। वह नोएडा के एक विश्वविद्यालय से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे और साथ ही ऑनलाइन काम भी करते थे। बुधवार को वह सोसाइटी की 22वीं मंजिल से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह परीक्षा में सफल न हो पाने को लेकर तनाव में थे। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

सूरजपुर में युवक की मौत

सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में झारखंड के हजारीबाग निवासी 26 वर्षीय आकाश की भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में वह मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और पुलिस मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।

बीमारी से जूझ रही युवती की मौत

कुलेसरा कॉलोनी में रहने वाली बिहार के जमुई जिले की निवासी आंचल की बुधवार सुबह घर में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक वह कुछ समय से बीमार चल रही थीं, जिसके चलते वह मानसिक रूप से तनावग्रस्त थीं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार तीनों ही मामलों में मौत के सटीक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ़ें: नोएडा में संजय पहाड़िया गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

यहां से शेयर करें