सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां सोमवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आपस में टकरा गईं। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण काफिले की एक एम्बुलेंस समेत पांच वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में कुछ लोगों को हल्की चोटें आने की खबर है, जबकि राहुल गांधी सुरक्षित हैं।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी के काफिले के साथ यह हादसा सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बताया जा रहा है कि काफिले की गाड़ियां तेज रफ्तार से चल रही थीं। इसी दौरान अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रहे वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे में एम्बुलेंस समेत पांच गाड़ियों के टकराने की बात सामने आई है। घटना के बाद राहुल गांधी सुरक्षित सुल्तानपुर कोर्ट पहुंच गए।
अमित शाह से जुड़े मानहानि मामले में कोर्ट में पेशी
राहुल गांधी सोमवार को सुल्तानपुर की MP-MLA कोर्ट में पेश होने पहुंचे हैं। यह मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़े कथित मानहानि प्रकरण का है। अदालत ने राहुल गांधी को सुनवाई के लिए पेश होने का निर्देश दिया था। इस मामले में आज अदालत का फैसला आने की संभावना भी जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे थे। लखनऊ एयरपोर्ट से वह मीडिया से बातचीत किए बिना सीधे सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए।
क्या है राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला?
राहुल गांधी के खिलाफ यह मामला अगस्त 2018 में भाजपा नेता विजय मिश्रा की ओर से दर्ज कराया गया था। शिकायत के मुताबिक, राहुल गांधी ने 8 मई 2018 को बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा और उसके तत्कालीन अध्यक्ष अमित शाह को लेकर कथित टिप्पणी की थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि राहुल गांधी ने कहा था, ‘जो पार्टी ईमानदारी की बात करती है, उसके अध्यक्ष पर हत्या का आरोप है।’ इसी कथित बयान को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
अब इस मामले में अदालत की सुनवाई और संभावित फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं। हालांकि, मामले में अदालत के अंतिम आदेश की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही फैसले की स्थिति स्पष्ट होगी।

