बॉटनिकल गार्डन से इंडिया एक्सपो मार्ट तक यात्रा निशुल्क, स्थानीय भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं का दावा, उम्मीद के मुताबिक नहीं मिल रहे यात्री

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में पहुंचने वाले लोगों को नोएडा प्राधिकरण ने राहत दी है। नोएडा से एक्सपो मार्ट के बीच चल रही विशेष इलेक्ट्रिक बस सेवा अब निशुल्क कर दी गई है। इन बसों से एक्सपो मार्ट जाने वाले यात्रियों से कोई टिकट शुल्क नहीं लिया जाएगा।

तीन रूट पर 25 ई-बसें, बॉटनिकल गार्डन मुख्य केंद्र

ट्रेड शो में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्राधिकरण ने पहले ही विशेष परिवहन व्यवस्था की थी। इसके तहत नोएडा से इंडिया एक्सपो मार्ट के लिए तीन अलग-अलग रूट पर कुल 25 ई-बसें चलाई जा रही हैं। सभी बसें सेक्टर-38ए स्थित बॉटनिकल गार्डन से रवाना होती हैं। सेवा का संचालन उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के माध्यम से हो रहा है।

पहला रूट: बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-32 सिटी सेंटर, होशियारपुर, पर्थला चौक, एक मूर्ति गोलचक्कर और सूरजपुर कलेक्ट्रेट होते हुए इंडिया एक्सपो मार्ट।

दूसरा रूट: बॉटनिकल गार्डन से डीएससी रोड, बरौला टी-पॉइंट, सेक्टर-75, सेक्टर-50, नॉर्थ आई चौराहा, सेक्टर-116, सेक्टर-78 और फूलमंडी क्षेत्र होते हुए कुलेसरा और सूरजपुर के रास्ते एक्सपो मार्ट।

तीसरा रूट: बॉटनिकल गार्डन से सिटी सेंटर, पर्थला चौक, गौर चौक और एक मूर्ति गोलचक्कर होते हुए सीधे एक्सपो मार्ट।

प्राधिकरण का उद्देश्य: कम खर्च में सुविधा, ट्रैफिक का दबाव कम

अधिकारियों के अनुसार, निशुल्क सेवा का मकसद ट्रेड शो में आने वाले लोगों को सस्ता और सुविधाजनक सफर देना है। ट्रेड शो के दौरान निजी वाहनों की संख्या बढ़ने से पार्किंग और जाम की समस्या हो सकती है। ऐसे में ई-बस सेवा सड़कों पर वाहनों का दबाव घटाने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने में मददगार मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि देश-विदेश से कारोबारी, निवेशक और उद्योग प्रतिनिधि इस आयोजन में पहुंच रहे हैं, इसलिए बेहतर कनेक्टिविटी प्रशासन की प्राथमिकता है।

स्थानीय भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं ने उठाए सवाल

एक तरफ प्रशासन इस पहल को यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा बता रहा है। दूसरी तरफ स्थानीय भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं का एक वर्ग इसे उपयोगी नहीं मान रहा। उनका कहना है कि बसें ज्यादातर समय खाली सड़कों पर दौड़ती नजर आ रही हैं।

कार्यकर्ताओं के मुताबिक, शाम के समय कुछ बसों में ट्रेड फेयर देखने जाने वालों की भीड़ जरूर दिखती है। बाकी समय बसें लगभग खाली चल रही हैं। उनका दावा है कि इनमें ज्यादातर स्कूल-कॉलेज के छात्र या बाजार में निवेश की संभावना तलाशने वाले लोग सफर कर रहे हैं, जबकि आम दर्शकों की उतनी संख्या नहीं दिख रही, जितनी उम्मीद थी। उनका यह भी कहना है कि बॉटनिकल गार्डन से पर्थला चौक, एक मूर्ति और सिटी सेंटर जैसे इलाकों में ई-बसों की मौजूदगी तो खूब दिखती है, लेकिन इन बसों में ट्रेड शो देखने जाने वाले यात्री कम नजर आते हैं। कार्यकर्ताओं की राय है कि इतनी बसें ट्रेड शो में लगाने के बजाय नियमित यात्री सेवाओं में उतारी जातीं, या ट्रेड शो के लिए बसों की संख्या कुछ कम रखी जाती, तो बेहतर होता।

कैसे उठाएं सेवा का लाभ

जो लोग बॉटनिकल गार्डन या रूट के किसी प्रमुख स्थान तक पहुंच सकते हैं, वे वहां से सीधे एक्सपो मार्ट के लिए ई-बस ले सकते हैं। प्राधिकरण और परिवहन विभाग की ओर से लोगों से सार्वजनिक परिवहन के ज्यादा इस्तेमाल की अपील की जा रही है।

यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-113 में सुखबीर खलीफा समेत 200 पर FIR

यहां से शेयर करें