नोएडा के दर्जनों सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं का संकट थमने का नाम नहीं ले रहा। अंधेरी सड़कें, उफनते सीवर, चोक नालियां और जर्जर रास्ते ये समस्याएं महीनों से बनी हुई हैं, लेकिन नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों की कथित उदासीनता के चलते राहत नहीं मिल पा रही। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) और तमाम आरडब्ल्यूए पदाधिकारी अब मुखर होकर जवाब मांग रहे हैं।
शिकायतों की लंबी फेहरिस्त, जवाब नदारद
वर्क सर्कल एक से पांच के अंतर्गत आने वाले सेक्टरों से लगातार शिकायती पत्र भेजे जा रहे हैं, पर कार्रवाई नहीं हो रही। सेक्टर 55 में शाम ढलते ही घना अंधेरा छा जाता है। सेक्टर 53 में नाले की मांग अनसुनी है और सेक्टर 50 में वर्षों से एक छोटे नाले को ढकने की गुहार लगाई जा रही है। कहीं सीवर छह महीने से ओवरफ्लो हो रहे हैं, तो कहीं महिला शौचालयों के दरवाजे तक टूटे पड़े हैं। फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश के साथ बैठक में साफ कहा कि विभिन्न सेक्टरों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक ढंग से नहीं हो पा रही है और इसका मुख्य कारण सर्किल स्तर पर प्रभावी निगरानी का अभाव है।
दूषित पेयजल और टूटी सीवर लाइनें भी बड़ा मुद्दा
फोनरवा महासचिव केके जैन ने बताया कि कई सेक्टरों में लंबे समय से दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। विशेष रूप से पुराने सेक्टरों में सीवर की समस्याएं बेहद गंभीर हैं और जगह-जगह पुरानी व क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों से लगातार रिसाव हो रहा है।
सेक्टर-51 से 18 सुधार प्रस्ताव
सेक्टर-51 की आरडब्ल्यूए ने नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी कांति शेखर और वर्क सर्किल-3 के सीनियर मैनेजर प्रवीण सालोनिया से मुलाकात कर 18 प्रमुख समस्याओं पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इनमें ट्रैफिक जाम, सीवर ओवरफ्लो, नॉइज़ पॉल्यूशन, टूटी सड़कें और अवैध व्यावसायिक गतिविधियां शामिल हैं। सेक्टर 50, 51, 34 और 107 में खुले नालों की सफाई लंबे समय से नहीं हो रही है और उनमें कचरा फेंका जा रहा है। आरडब्ल्यूए ने इन्हें ढककर ऊपर वेंडिंग ज़ोन बनाने का सुझाव भी दिया। वर्क सर्कल 6-10 में भी बैठक, आश्वासन तक सीमित रहे अधिकारी, फोनरवा कार्यालय में वर्क सर्किल 6 से 10 के अंतर्गत आने वाली आरडब्ल्यूए की समस्याओं को लेकर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें लंबित विकास कार्यों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। लेकिन निवासियों का कहना है कि ऐसे आश्वासन पहले भी मिल चुके हैं और ज़मीन पर बदलाव नहीं आया।
विधायक के जनसंवाद में भी उठे वही मुद्दे
नोएडा में विधायक पंकज सिंह के जनसंवाद कार्यक्रम में भी बिजली, पानी, खराब स्ट्रीट लाइट और जर्जर सड़कों की शिकायतें प्रमुखता से उठीं। एक सोसाइटी के अध्यक्ष ने बताया कि आठ महीने पहले पानी की पाइपलाइन डाले जाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।
फोनरवा ने विद्युत निगम से भी की बैठक
फोनरवा पदाधिकारियों ने बीती 1 जून को विद्युत निगम के मुख्य अभियंता के साथ बैठक की, जिसमें बिजली आपूर्ति में आ रही दिक्कतों और आगामी कार्यों पर चर्चा हुई।
निवासियों की मांग, आश्वासन नहीं, कार्रवाई चाहिए
नोएडा के सेक्टरवासियों का कहना है कि बैठकें होती हैं, पत्र लिखे जाते हैं, आश्वासन मिलते हैं, लेकिन सड़कें नहीं बनतीं, नालियां नहीं साफ होतीं और अंधेरा नहीं हटता। फोनरवा ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वह और बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

