आॅपरेशन विस्टा 1.0 में सात बांग्लादेशी नागरिक पकड़े

New Delhi news  केंद्रीय जिला पुलिस की एएटीएस ने आॅपरेशन विस्टा 1.0 के तहत वीजा नियमों का उल्लंघन कर भारत में रह रहे सात बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। जांच में सभी सात के पास डबल एंट्री वीजा मिले, जिसके तहत प्रत्येक यात्रा में अधिकतम 15 दिन रुकने की अनुमति थी, लेकिन वे निर्धारित अवधि से अधिक समय से भारत में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार होटल और गेस्ट हाउस में विदेशी नागरिकों के सत्यापन के दौरान नबी करीम इलाके से 26 वर्षीय एमडी नजरूल इस्लाम फैसल को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उसकी सूचना पर पुलिस टीम ने मदनपुर खादर और सरिता विहार में कार्रवाई कर छह अन्य बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा। सभी के पासपोर्ट, वीजा और यात्रा दस्तावेजों की जांच में वीजा शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।
सातों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया गया, जहां उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर प्रतिबंध आदेश जारी किए गए। इसके बाद सभी को सेवा धाम डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया, जहां से निर्वासन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने सात पासपोर्ट, सात भारतीय डबल एंट्री वीजा और सात मोबाइल फोन जांच के लिए कब्जे में लिए हैं। पुलिस के मुताबिक सातों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें