गौतमबुद्धनगर पुलिस : वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में, 7 बाइक-स्कूटी सहित हथियार बरामद

गौतमबुद्धनगर पुलिस: नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने दो-पहिया वाहन चोरी और मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को बाल अपचारी होने के कारण विधि के अनुसार हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे और निशानदेही से 7 चोरी की स्कूटी-मोटरसाइकिल, चोरी व स्नैचिंग की 3 मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल की 2 टूटी हुई नंबर प्लेटें, नकद 1,200 रुपये और अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।

ऐसे चलता था गिरोह

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि जोन में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग का अभियान लगातार चलाया जा रहा था। इसी क्रम में एसीपी सेकंड और थाना सेक्टर-24 के एसएचओ की टीमों द्वारा कई दलों में बंटकर वाहन चेकिंग की जा रही थी, जिसके परिणामस्वरूप कुल चार लोगों को पकड़ा गया — तीन को गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य सुनसान इलाकों की रेकी करने के बाद भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों से वाहन चुराते थे। इसके बाद चोरी के वाहनों को किसी सुनसान जगह पर छिपाकर रखा जाता था और उचित दाम मिलने पर ग्राहकों को बेच दिया जाता था।

कई FIR से जुड़ा तार, जांच जारी

पुलिस ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों में से कई के संबंध में पहले से प्राथमिकी (FIR) दर्ज है, जबकि बाकी वाहनों की पहचान और वेरिफिकेशन का कार्य अभी प्रचलित है। सभी आरोपियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश की जा रही है। गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: 20 हजार का इनामी गैंगस्टर दबोचा

यहां से शेयर करें