PM मोदी से बोलीं थीं ‘डू योर जॉब’, अब बिग बॉस-20 में 2 मिनट में हुईं बाहर; रिया अहीर को जनता ने नहीं चुना

NEET स्टूडेंट्स के समर्थन में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन के सामने खड़े होकर सुर्खियों में आईं रिया अहीर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह है बिग बॉस-20 में उनकी बेहद छोटी एंट्री। शो में जनता ने उन्हें प्रतियोगी लव गिल के मुकाबले नहीं चुना और रिया सलमान खान के सामने मंच पर महज करीब 2 मिनट नजर आने के बाद बाहर हो गईं।

इससे पहले दैनिक भास्कर से बातचीत में रिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम की तारीफ की और कहा कि उनमें काफी क्षमता है, हालांकि प्रदर्शन के दौरान उन्होंने मोदी से सीधे सवाल करते हुए ‘डू योर जॉब’ कहा था।

पुलिस वैन के सामने 40 मिनट तक खड़ी रहीं, खुद NEET उम्मीदवार नहीं थीं

रिया खुद NEET की परीक्षार्थी नहीं थीं, फिर भी छात्रों के मुद्दे को अपना मानते हुए प्रदर्शन में शामिल हुईं। पुलिस वैन के सामने करीब 40 मिनट तक खड़े रहने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उन्होंने बताया कि यह उनकी परवरिश का हिस्सा है कि कोई मुद्दा व्यक्तिगत रूप से प्रभावित न करे तब भी एक नागरिक के तौर पर आवाज उठाना जरूरी लगता है। उनका कहना था कि अगर कैमरा न भी होता, तब भी वह प्रदर्शन में शामिल होतीं, क्योंकि वह बिना मीडिया की मौजूदगी वाले प्रदर्शनों में भी जा चुकी थीं।

CJP मूवमेंट और किसी पार्टी से जुड़ाव से इनकार

प्रदर्शन के बाद रिया को CJP मूवमेंट से जोड़कर देखा गया, लेकिन उन्होंने इससे इनकार करते हुए कहा कि वह स्वतंत्र रूप से प्रदर्शन में शामिल हुई थीं। उन्होंने राहुल गांधी, सुप्रिया सुले, राज ठाकरे, उद्धव ठाकरे, डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव समेत कई नेताओं से मुलाकात का जिक्र किया, लेकिन कहा कि इनमें से कोई भी उन्हें राजनेता जैसा नहीं लगा और किसी ने भी बातचीत में अपनी पार्टी का जिक्र नहीं किया।

मोदी की तारीफ भी की, महिलाओं के खिलाफ बर्बरता पर सवाल भी उठाया

रिया ने मोदी को अनुभवी और प्रभावशाली व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि देश चलाना आसान काम नहीं और जहां श्रेय बनता है, वहां वह जरूर देंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के बाद महिलाओं के साथ हुए दुर्व्यवहार पर भी बात होनी चाहिए। यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी के प्रधानमंत्री रहते ऐसी स्थिति में वह उनके खिलाफ भी खड़ी होतीं, रिया ने ‘बिल्कुल, सौ प्रतिशत’ कहकर जवाब दिया और स्पष्ट किया कि वह किसी राजनीतिक विचारधारा से खुद को नहीं जोड़ना चाहतीं।

Gen-Z की आवाज बनकर उभरीं, लेकिन घर में एंट्री नहीं मिली

NEET प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर बनी पहचान की वजह से रिया को Gen-Z की आवाज के तौर पर देखा जाने लगा, जिसके बाद उनके बिग बॉस-20 में आने की चर्चाएं शुरू हुईं। लेकिन शो में एंट्री के लिए हुई वोटिंग में जनता ने लव गिल को चुना और सड़क से पहचान बनाने वाली रिया को घर में जगह नहीं मिली।

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होना पड़ा भारी, जीबीयू छात्र को शांति भंग का 5 लाख का नोटिस, एसएफआई ने जताया विरोध

यहां से शेयर करें