New Delhi news दिल्ली के प्रसिद्ध सर्राफा बाजार कूचा महाजनी में गुरुवार को दिल्ली नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक दुकानों को सील कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारियों का दावा है कि सील की गई दुकानों के अंदर करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी मौजूद है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 11:30 बजे एमसीडी के सिटी-एसपी जोन की टीम भारी पुलिस बल के साथ कूचा महाजनी पहुंची। निगम की टीम ने मास्टर प्लान-2021 के नियमों के उल्लंघन तथा बेसमेंट और इमारतों के कथित व्यावसायिक दुरुपयोग को आधार बनाकर कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान तीन प्रमुख इमारतों के भूतल और बेसमेंट में संचालित 100 से अधिक दुकानों पर नोटिस चस्पा कर उन्हें सील कर दिया गया। व्यापारियों का आरोप है कि उन्हें कार्रवाई से पहले पर्याप्त सूचना नहीं दी गई।
सीलिंग की कार्रवाई के बाद सर्राफा कारोबारियों में नाराजगी है। आल बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन से जुड़े व्यापारियों का कहना है कि अचानक दुकानें बंद होने से उनका कारोबार प्रभावित हुआ है और दुकानों के भीतर रखा कीमती माल भी फंस गया है।
यह कार्रवाई दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए हादसे के बाद अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ प्रशासन द्वारा तेज किए गए अभियान के बीच हुई है। निगम का कहना है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई जारी रहेगी।
New Delhi news

