ऑपरेशन मिलाप: महीनेभर में 75 लापता लोगों को परिजनों से मिलाया

New Delhi news  दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत जनवरी 2026 में शानदार सफलता हासिल की। इस अभियान में 28 लापता व अपहृत बच्चों सहित कुल 75 लापता व्यक्तियों को तलाशकर उनके परिजनों से सुरक्षित मिलाया गया। कई परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई।

डीसीपी अमित गोयल ने रविवार को बताया कि लापता व्यक्ति या बच्चे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने बिना विलंब तलाशी अभियान शुरू कर दिया। स्थानीय पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। ऑटो स्टैंड, ई-रिक्शा स्टैंड, बस अड्डे व रेलवे स्टेशनों पर फोटो दिखाए गए। बस चालक, कंडक्टर, दुकानदार व मुखबिरों की मदद ली गई। आसपास के थाने व अस्पतालों के रिकॉर्ड भी जांचे गए। 1 से 31 जनवरी तक 47 वयस्कों व 28 बच्चों को सकुशल बरामद किया गया।

वसंत कुंज व पालम में सबसे अधिक सफलता

वसंत कुंज साउथ थाने ने 9 नाबालिग लड़कियों को खोजा, जबकि पालम गांव थाने ने 6 बच्चों व 13 वयस्कों को ढूंढा। सागरपुर, किशनगढ़, कापसहेड़ा, आरके पुरम, वसंत विहार, साउथ कैंपस, दिल्ली कैंट व सरोजनी नगर थानों ने भी सराहनीय कार्य किया।

परिवारों को जोड़ने का संकल्प

पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन मिलाप’ परिवारों को एकजुट करने का प्रयास है। कई बच्चे बहकावे में घर छोड़ गए थे, तो वयस्क निजी कारणों से लापता हुए। संवेदनशीलता से सभी को घर पहुंचाया गया।

New Delhi news

यहां से शेयर करें