ऑपरेशन दहन: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 4.66 करोड़ रुपये के 949 किलो से अधिक नशीले पदार्थ नष्ट किए

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जमीनी कार्रवाई के तहत बुधवार को “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत कुल 949.342 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थों का विधिवत निस्तारण कराया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 4,66,83,950 रुपये आंकी गई है।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के मार्गदर्शन में और माननीय अदालतों के आदेशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत कमिश्नरेट के 22 थानों में दर्ज 1,014 अभियोगों से जुड़ी जब्त सामग्री का निस्तारण पुलिस उपायुक्त (नार्कोटिक्स) के पर्यवेक्षण एवं सहायक पुलिस आयुक्त की उपस्थिति में कराया गया।

नष्ट किए गए मादक पदार्थों में प्रमुख रूप से 903.164 किलोग्राम गांजा शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 4,51,58,200 रुपये है। इसके अलावा 3.535 किलोग्राम चरस जिसकी कीमत 8,83,750 रुपये आंकी गई और 42.8 किलोग्राम डोडा जिसकी कीमत 6,42,000 रुपये अनुमानित बताई गई। थाना सेक्टर-39 में दर्ज मामलों से संबंधित मादक पदार्थों का विनष्टीकरण सर्वाधिक रहा। यहां 270 अभियोगों के तहत 376.22 किलोग्राम गांजा, 0.78 किलोग्राम चरस और 26 किलोग्राम डोडा को नष्ट किया गया। इसी प्रकार थाना सूरजपुर, फेस-2, सेक्टर-58, सेक्टर-20, इकोटेक-3, दादरी, फेस-3, सेक्टर-113, बादलपुर और अन्य थानों में भी संबंधित मामलों से जब्त मादक पदार्थ नियमानुसार नष्ट किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने का उद्देश्य न केवल भंडारण में सुरक्षितता सुनिश्चित करना है, बल्कि नशा तस्करी के विरुद्ध सख्त संदेश देना भी है। उन्होंने कहा कि माननीय न्यायालयों के आदेशों के अनुरूप विनष्टीकरण से अवैध पदार्थों के पुन:दुरुपयोग या चोरी के जोखिम भी समाप्त होते हैं। गौतमबुद्धनगर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीयों ने कहा कि “ऑपरेशन दहन” नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी है और आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

अधिकारियों ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें ताकि युवा पीढ़ी को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। पुलिस ने यह भी बताया कि अब तक मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के गिरफ्तारी तथा मामलों की तफ्तीश के लिए लगातार छापेमारी व अभियोग दर्ज किए जा रहे हैं और न्यायालय की कार्यवाही के अनुसार जब्त माल का वैज्ञानिक व कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिकारियों ने अंततः कहा कि समाज को नशामुक्त करने तथा सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए कमिश्नरेट की कार्रवाई निरंतर एवं निर्णायक रहेगी, और इस दिशा में लोगों का सतत सहयोग आवश्यक होगा।

यह भी पढ़ें: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने सेक्टर-63 में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर 66 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की

यहां से शेयर करें