Noida News: नोएडा के सेक्टर-135 के यमुना डूब क्षेत्र में बने एक अवैध फार्महाउस में शनिवार-रविवार की रात दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचा 26 वर्षीय युवक स्विमिंग पूल में डूबने से मौत का शिकार हो गया। हादसे ने एक बार फिर यमुना खादर क्षेत्र में बिना अनुमति और सुरक्षा इंतजामों के चल रहे सैकड़ों फार्महाउसों और उनमें बने स्विमिंग पूलों की पोल खोल दी है।
कौन था मृतक युवक
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मणिपुर के तमेंगलोंग जिले के तमाहा गांव निवासी लकी शंभू डामया (26) के रूप में हुई है। वह नोएडा के वाजिदपुर गांव में किराए के मकान में रहता था और शहर की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। घटना की सूचना मिलने पर दिल्ली और मणिपुर में रह रहे उसके परिजन नोएडा पहुंचे। फिलहाल परिवार की ओर से किसी के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, लकी शनिवार रात अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने सेक्टर-135 स्थित इस फार्महाउस में पहुंचा था। केक कटने और खाना खाने के बाद वह पूल में नहाने उतरा। कुछ ही देर बाद वह अचानक बेहोश होकर पानी में डूब गया। साथी उसे तुरंत बाहर निकालकर नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई थी कि मौत हार्ट अटैक से हुई है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डूबने की पुष्टि हुई है। हालांकि मौत का पूरा कारण स्पष्ट न होने के चलते डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत केवल डूबने से हुई या इसमें कोई और चिकित्सीय वजह भी शामिल थी। एक्सप्रेसवे थाना प्रभारी और ACP स्तर के अधिकारियों ने बताया कि थाने को मेमो के जरिए सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जांच की दिशा
पुलिस पार्टी में मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज कर रही है और फार्महाउस व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच के मुख्य बिंदु ये हैं: हादसे के वक्त पूल पर कोई प्रशिक्षित लाइफगार्ड मौजूद था या नहीं, पूल में सुरक्षा उपायों की जानकारी कहीं प्रदर्शित थी या नहीं, फार्महाउस में पार्टी और स्विमिंग पूल संचालन के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं, बुकिंग किस तरह और किसके जरिए की गई थी| घटना के बाद से फार्महाउस संचालक का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। पुलिस अब बुकिंग करवाने वाले व्यक्ति, आयोजन से जुड़े अन्य लोगों और प्रबंधन की भूमिका की तह तक जाने में जुटी है। जांच में लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।
यमुना डूब क्षेत्र में सैकड़ों अवैध फार्महाउस और पूल
सेक्टर 127, 128, 129, 130 से लेकर 135 और 150 तक फैले यमुना डूब क्षेत्र में 500 से ज्यादा फार्महाउस बिना पर्याप्त वैधानिक अनुमति के चल रहे हैं। अकेले सेक्टर 132 से 135 के बीच करीब 20 से 30 स्विमिंग पूल संचालित हैं, यानी लगभग हर 100 मीटर पर एक पूल मौजूद है। यहां ज्यादातर 20 से 28 साल की उम्र के युवा नहाने आते हैं, जबकि शनिवार-रविवार को परिवारों के साथ भी लोग पहुंचते हैं। इन पूलों को बढ़ावा देने के लिए सड़क किनारे बड़े-बड़े बैनर तक लगाए गए हैं, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम—जैसे प्रशिक्षित लाइफगार्ड, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन व्यवस्था—अधिकतर जगह नदारद हैं। दूरदराज के इलाके में होने के कारण हादसे की स्थिति में एंबुलेंस के मौके तक पहुंचने में भी देरी होने की आशंका बनी रहती है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
इसी डूब क्षेत्र में यह कोई पहला हादसा नहीं है। बीते कुछ वर्षों में यहां कई बार पूल में डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, मई 2023 में सेक्टर-135 के एक फार्महाउस में नहाने के दौरान युवक की मौत हुई थी, जून 2023 में सेक्टर-128 स्थित फार्महाउस में संदिग्ध हालात में एक युवक की जान गई थी, जुलाई 2024 में सेक्टर-129 के फार्महाउस में पूल हादसे में एक और युवक की मौत हुई, सितंबर 2025 में सेक्टर-130 क्षेत्र के फार्महाउस में पूल में गिरकर एक युवक की मौत हो गई थी, बार-बार हो रहे इन हादसों के बावजूद डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण और असुरक्षित पूल संचालन पर अब तक कोई ठोस रोक नहीं लग पाई है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि स्विमिंग पूल में उतरते समय पूरी सतर्कता बरतें और शराब या किसी अन्य नशे की हालत में पानी में बिल्कुल न जाएं। साथ ही सिर्फ उन्हीं स्थानों पर तैराकी करें जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और प्रशिक्षित लाइफगार्ड मौजूद हों। पुलिस का कहना है कि इस मामले की गहनता से जांच जारी है और लापरवाही सामने आने पर फार्महाउस प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

