नोएडा-ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी

नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर अपराधियों ने चार अलग-अलग लोगों को निशाना बनाकर कुल 42 लाख 80 हजार 400 रुपये की ठगी की। ठगों ने कहीं ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच दिया तो कहीं बिजली बिल जमा कराने के बहाने बैंक खातों से रकम उड़ा ली। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रेडिंग के नाम पर सबसे बड़ी ठगी, 20.60 लाख रुपये गंवाए

सेक्टर-11 निवासी श्याम नारायण राम को साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर फंसाया। अलग-अलग तरीकों से उनसे 20 लाख 60 हजार 400 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। पीड़ित ने इस संबंध में 20 नवंबर 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।

बिजली बिल जमा कराने के नाम पर 7.82 लाख की ठगी

ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव निवासी 39 वर्षीय जगत सिंह को एनपीसीएल (नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड) का बिजली बिल जमा कराने के नाम पर टारगेट किया गया। अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क कर उन्हें झांसे में लिया, जिसके बाद उनके बैंक खातों से कुल 7 लाख 82 हजार रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिए गए। पीड़ित ने पुलिस से रकम वापस दिलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बैंक खाते से सीधे निकाले गए लाखों रुपये

ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 सेक्टर निवासी अभय कुमार गुप्ता के बैंक खाते से 1 जुलाई से 1 अगस्त 2025 के बीच कई किश्तों में 6 लाख 38 हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते से पैसे गायब होने के बाद ही उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसी तरह, नोएडा सेक्टर-63 के छिजारसी गांव निवासी कुलभूषण शर्मा के खाते से 7 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11 बजे 8 लाख रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के मुताबिक यह रकम 4 लाख, 3.50 लाख और 50 हजार रुपये के अलग-अलग लेनदेन के जरिए निकाली गई। पीड़ित का आरोप है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से सेंध लगाकर यह रकम उड़ाई।

पुलिस ने शुरू की जांच

सभी चारों मामलों में पीड़ितों की शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बैंक खातों की डिटेल खंगालकर रकम की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।

यह भी पढ़ें: मोहम्मद कैफ पर रेप का आरोप

यहां से शेयर करें