Cyber ​​fraud in Noida: शेयर बाजार और बैंक अधिकारी बनकर कारोबारी-महिला से 67.25 लाख रुपये की ठगी

Cyber ​​fraud in Noida: दो अलग-अलग मामलों में साइबर पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू

नोएडा में साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीके अपनाकर एक कारोबारी और एक महिला को निशाना बनाया, जिसमें उनसे कुल 67 लाख 25 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। एक मामले में शेयर बाजार में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर पीड़ित से करीब 48.70 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। वहीं दूसरे मामले में बैंक अधिकारी बनकर किए गए फोन कॉल के बाद महिला के खाते से फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) तोड़कर 18.55 लाख रुपये निकाल लिए गए। दोनों ही मामलों में साइबर पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केस 1: शेयर बाजार में निवेश के नाम पर कारोबारी से 48.70 लाख की ठगी

दादरी निवासी संतोष सिंह पैकिंग सामग्री बनाने का कारोबार करते हैं। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके मोबाइल पर शेयर बाजार में निवेश से संबंधित वाट्सऐप संदेश भेजे गए थे। इन संदेशों में निवेश पर बेहतर मुनाफे का दावा किया गया था। इसके बाद उन्हें एक ग्रुप में जोड़ा गया और एक वेबसाइट के माध्यम से निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। आरोपियों के कहने पर संतोष सिंह ने छह जुलाई से 23 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों में रकम भेजी। उन्होंने कई बार आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से भुगतान किया, जिससे कुल 48 लाख 70 हजार 136 रुपये संदिग्ध खातों में पहुंच गए। बड़ी रकम भेजने के बावजूद जब निवेश पर अपेक्षित लाभ नहीं मिला, तब उन्हें ठगी का अंदेशा हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

केस 2: बैंक अधिकारी बनकर महिला की एफडी तोड़कर 18.55 लाख की ठगी

दूसरे मामले में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रहने वाली 58 वर्षीय स्वप्ना बाग ने पुलिस को बताया कि 27 जुलाई की शाम करीब साढ़े छह बजे उनके पास एक बैंक प्रतिनिधि के नाम से फोन आया। कॉल करने वाले ने बैंक खाते में संदिग्ध गतिविधियां होने की बात कहकर उनसे बातचीत की। इसके बाद उनके खाते से बिना अनुमति कई लेनदेन होने लगे।

साइबर ठगों ने उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) तोड़कर रकम निकाल ली। इसके अलावा तनिष्क गिफ्ट वाउचर खरीदे गए और कई प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) व वर्चुअल डेबिट कार्ड के जरिये भी लेनदेन किया गया। इस तरह महिला के खाते से कुल 18 लाख 55 हजार 867 रुपये निकाल लिए गए। घटना का पता चलते ही महिला ने तुरंत बैंक को सूचना देकर अपना खाता सुरक्षित कराया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाने में शनिवार को केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब बैंक खातों की डिटेल खंगालने के साथ ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच में जुटी है। ऑनलाइन निवेश या बैंक अधिकारी बताकर आने वाले किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा करने से पहले सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी साइबर क्राइम थाने या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।

यह भी पढ़ें: Ankit Balian Murder: शामली में पुलिस एनकाउंटर में दो शूटर ढेर, गोगी गैंग से जुड़ाव; बाकी दो फरार

यहां से शेयर करें