जिले में एक चौंकाने वाला धर्मांतरण मामला सामने आया है, जिसमें एक 55 वर्षीय विधवा महिला ने आरोप लगाया है कि नौ साल पहले उसे झूठी पहचान देकर फंसाया गया और बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की शादी का उदाहरण देकर धर्म परिवर्तन के लिए मनाया गया। मूल रूप से शामली जिले के एक गांव की निवासी और वर्तमान में नोएडा में रह रही पीड़िता ने गुरुवार को हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार के साथ एसएसपी संजय वर्मा से मुलाकात कर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। महिला के अनुसार, साल 2016 में गुप्ता रिजॉर्ट में उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसने अपना नाम राजीव बालियान बताया था। विधवा होने के कारण सहारे की तलाश में जुटी महिला को आरोपी ने भावनात्मक रूप से अपने जाल में फंसा लिया और दोस्ती बढ़ा ली।
पीड़िता के मुताबिक, 24 जनवरी 2017 को आरोपी उसे कलियर शरीफ लेकर गया, जहां धर्मांतरण कराकर उसे निकाह के लिए राजी कर लिया गया। धर्म बदलने के बाद महिला का नया नाम नूरजहां रख दिया गया। आरोप है कि इसके बाद मोरना में उसे मांस-मीट खिलाया गया, नमाज पढ़वाई गई और रोजा भी रखवाया गया। महिला का दावा है कि जब उसने धर्म परिवर्तन को लेकर असहजता जताई, तो आरोपी ने उसे राजी करने के लिए धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की शादी का हवाला देकर यह समझाने की कोशिश की कि बड़ी हस्तियां भी इस तरह धर्म बदलकर शादी करती रही हैं। महिला को असली सच्चाई का पता तब चला जब मोरना में ग्राम प्रधान पद के चुनावी पोस्टर पर आरोपी का असली मुस्लिम नाम देखा गया। इससे उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब महिला ने विरोध जताया, तो आरोपी ने अपने रसूखदार संबंधों का हवाला देकर उसे धमकाने की कोशिश की। एसएसपी संजय वर्मा के निर्देश पर भोपा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। हिंदू संघर्ष समिति ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आरोपी ने कितनी अन्य महिलाओं को इसी तरह झूठी पहचान देकर निशाना बनाया।

