Murshidabad train accident: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में ट्रेन ने स्कूल वैन को टक्कर मारी, 2 छात्रों समेत 3 की मौत

Murshidabad train accident: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार सुबह एक लोकल ट्रेन ने स्कूल जा रहे बच्चों की पूल कार को लेवल क्रॉसिंग पर टक्कर मार दी। इस हादसे में दो स्कूली छात्रों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार यह घटना कर्णसुबर्ण रेलवे स्टेशन के पास हुई, जो कटवा से करीब 48 किलोमीटर दूर स्थित है।

कैसे हुआ हादसा

पूर्व रेलवे के एक अधिकारी के हवाले से बताया गया कि हादसा शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब बच्चों को स्कूल ले जा रही पूल कार कर्णसुबर्ण स्टेशन के पास लेवल क्रॉसिंग गेट से गुजर रही थी और उसी दौरान लोकल ट्रेन ने वाहन को टक्कर मार दी। अधिकारी के मुताबिक, स्कूल जाने के दौरान लेवल क्रॉसिंग गेट पर गाड़ी को ट्रेन ने टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूल कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से जुड़ी एक अहम बात यह सामने आई है कि हादसे के वक्त लेवल क्रॉसिंग गेट खुला हुआ बताया जा रहा है, जिसे लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर मानवयुक्त क्रॉसिंग पर गेट खुला क्यों था।

जांच शुरू, टीम मौके पर रवाना

घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया है। मौके पर हादसे के कारणों की जांच के लिए 10 सदस्यीय टीम भेजी गई है, जो यह पता लगाएगी कि क्रॉसिंग गेट खुला क्यों था और चूक किसकी रही।

रेलवे क्रॉसिंग हादसों का सिलसिला

देश में रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूली वाहनों के हादसे नए नहीं हैं। बीते वर्षों में उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे राज्यों में भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई स्कूली बच्चों की जान जा चुकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि मानवयुक्त और मानवरहित दोनों तरह की क्रॉसिंग पर सुरक्षा नियमों के पालन में लापरवाही ऐसे हादसों की मुख्य वजह बनती है। फिलहाल मुर्शिदाबाद हादसे में घायलों और पीड़ित परिवारों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। स्थानीय प्रशासन और रेलवे विभाग की ओर से मुआवजे और आगे की कार्रवाई को लेकर बयान आने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: Delhi Police Commissioner Appointed News: अनुराग कुमार बने दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर, सतीश गोलचा का लिया स्थान 

यहां से शेयर करें