Mathura car accident: मथुरा। मसानी तिराहे पर जाम के दौरान कार की टक्कर का विरोध करना ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग के अवर अभियंता को भारी पड़ गया। पीछे से टक्कर मारने के बाद कार चालक ने विरोध करने पर इंजीनियर के साथ गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि चालक ने कार नहीं रोकी और इंजीनियर को वाहन के नीचे फंसा कर करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। घटना में इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए। कार पर भाजपा का झंडा लगा हुआ था। घटना के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। Mathura car accident
घटना 31 अगस्त को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की बताई गई है। घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।
गौतमबुद्ध नगर के रघुपुरा निवासी विक्रांत भारती मथुरा के राजीव भवन स्थित ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग में अवर अभियंता के पद पर तैनात हैं। वह मथुरा के राधा वैली क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 अगस्त को वह निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर राजीव भवन लौट रहे थे। मसानी तिराहे के पास जाम लगा हुआ था। इसी दौरान आगरा नंबर की एक कार, जिस पर भाजपा का झंडा लगा था, ने उनकी कार में पीछे से टक्कर मार दी। Mathura car accident
टक्कर के बाद विक्रांत भारती ने कार से उतरकर चालक से नुकसान की भरपाई कराने की बात कही। आरोप है कि इस पर चालक ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और वहां से कार लेकर भागने का प्रयास किया। इंजीनियर ने उसे रोकने की कोशिश की तो चालक ने कार नहीं रोकी और उन्हें वाहन के नीचे फंसा लिया। इसके बाद चालक करीब 50 मीटर तक उन्हें घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल इंजीनियर के पिता जीवन लाल ने गोविंद नगर थाने में प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद तीन सितंबर को स्वजन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई।
Mathura car accident
शनिवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि कार के नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
Mathura car accident

