Kanawani slum reduced to ashes: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी गांव में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। तेज हवा और घनी बस्ती के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरा इलाका धुएं के गुबार से ढक गया।
कनावनी पुलिया के पास कबाड़ गोदाम और लगभग 200 से अधिक झुग्गियों में लगी इस भीषण आग ने आसमान में काले धुएं का ऐसा गुबार पैदा किया जिसने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आग में कई एलपीजी सिलेंडर फटे, जिससे धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी।मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के अनुसार लगभग शाम चार बजे आग को पूरी तरह बुझाया गया, जिसके बाद कूलिंग का काम किया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। सीएम योगी ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आग के दौरान करीब छह बच्चों के लापता होने की आशंका थी, लेकिन बाद में सभी बच्चे मिल गए। प्रभावित परिवारों को पास के सरकारी स्कूल में अस्थायी आश्रय और प्रत्येक परिवार को ₹5,000 की तत्काल राहत राशि दी गई है। जिला प्रशासन ने आग के कारणों की जांच के लिए समिति गठित कर दी है।

